Ranchi: शहर में चल रहे कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए रांची नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है. इसी कड़ी में आज नगर निगम की नगर निवेशक शाखा की टीम ने हिनू के इंदिरा पैलेस और साउथ ऑफिस पाड़ा इलाके में संचालित कई कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया.
जांच में बायोम इंस्टीट्यूट के भवन में पाई गई गड़बड़ी
जांच के दौरान गोल इंस्टीट्यूट, फिजिक्सवाला ट्यूशन सेंटर, बायोम इंस्टीट्यूट, ब्रदर्स एकेडमी और फिटजी इंस्टीट्यूट की जांच की गई. टीम ने भवन की स्वीकृति, कोचिंग के लिए भवन के उपयोग, फायर सेफ्टी, बिजली सुरक्षा, वेंटिलेशन, आने-जाने के रास्ते, पार्किंग और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं की पड़ताल की. इस दौरान जांच में बायोम इंस्टीट्यूट के भवन में गंभीर गड़बड़ी सामने आई. इतना ही नहीं, जी+3 भवन की छत पर जीआई शीट से बनी एक अवैध लाइब्रेरी भी संचालित होती मिली. इसे गंभीर मामला मानते हुए निगम ने संबंधित संचालक को भवन का स्वीकृत नक्शा और अन्य जरूरी कागजात पेश करने का निर्देश दिया है. दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी भी पाई गई. ऐसे संस्थानों को फायर एनओसी लेने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा SP ने मुहर्रम को लेकर डोमचांच और मरकच्चो के संवेदनशील स्थानों का किया निरिक्षण


