Bokaro: बोकारो पुलिस अधीक्षक नथू सिंह मीणा के निर्देश के आलोक में पुलिस उपाधीक्षक, नगर के नेतृत्व में सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट सह औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण टीम में झारखंड अग्निशमन विभाग एवं सेक्टर-4 थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी.
कुछ संस्थानों में पाई गईं सुरक्षा संबंधी कमियां
निरीक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन मानकों का अनुपालन, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं आपदा की स्थिति में निकासी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया. इस दौरान कुछ संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, जिनकी जांच झारखंड अग्निशमन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.

इस प्रकार का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा
बोकारो पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील अवस्था में रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां बनाए रखने का निर्देश दिया गया. पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि आगे भी इस प्रकार का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ें: सरायकेला-टाटा मार्ग पर सड़क हादसा, नवनियुक्त शिक्षिका की मौत; देवर घायल


