Giridih: जिले में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब बनाने वाली कई भट्टियों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया. साथ ही अवैध शराब कारोबारियों के घरों और संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई.
9000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में शराब निर्माण के लिए संग्रहित करीब 9000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा आपूर्ति के लिए तैयार लगभग 350 लीटर अवैध महुआ शराब भी जब्त की गई. वहीं, प्रशासनिक टीम को देखते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए. फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
अभियान में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, पु.स.अ.नि. राहुल कुमार सहित उत्पाद विभाग, पुलिस बल, गृहरक्षक बल एवं जिला क्यूआरटी के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: 8 माह से फरार मुखिया के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, ढोल-नगाड़े के साथ की कार्रवाई


