Saraikela: निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध 10 जून से 26 जून 2026 तक संचालित “नशा मुक्त झारखंड” अभियान तथा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 26 मई से 26 जून 2026 तक आयोजित राज्यव्यापी जागरूकता कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति, सरायकेला-खरसावां द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार को जिले के नयागढ़, राजगांव एवं इटाकुदर में नाट्यकर्मियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर आमजन एवं बच्चों को तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताया गया कि तंबाकू एवं अन्य निषिद्ध मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति को गंभीर एवं असाध्य बीमारियों की ओर ले जाता है तथा इससे सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं.
जिला स्वास्थ्य समिति ने की लोगों से अपील
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया. सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में कम-से-कम दो नुक्कड़ नाटक आयोजित करने का निर्देश निर्गत किया गया है, जिसके तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. जिला स्वास्थ्य समिति ने आमजन से अपील की है, कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ी को तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके.

यह भी पढ़ें: रांची: तमाड़ में लिटिल चैंप्स एवं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरूआत, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


