Chaibasa : जिले के मंडल कारा का बोर्ड ऑफ विजिटर ने निरीक्षण किया. निरीक्षण का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मौहम्मद शाकिर ने किया. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कारा परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल रहे.
बंदियों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने कारा परिसर में बंदियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया. टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों, आवासीय कक्षों, रसोईघर, चिकित्सा इकाई, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया. इस दौरान बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई. पदाधिकारियों ने बंदियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक बिंदुओं पर कारा प्रशासन को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

निर्धारित मानकों को पालन हो
निरीक्षण के क्रम में बंदियों के खान-पान की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, स्वास्थय सेवाओं, साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई. पदाधिकारियों ने कारा प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों एवं मानवाधिकार संबंधी प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं. सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए.
प्रशासनिक व्यवस्था बनीं रहे
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर ने कहा कि कारा में निरुद्ध बंदियों के अधिकारों की रक्षा एवं उन्हें आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. वहीं, डीसी मनीष कुमार ने कहा कि मंडल कारा में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण और समीक्षा के माध्यम से व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिया.
ALSO READ : खान सर की जमानत याचिका पर सुनवाई टली, 27 जून को होगी अगली सुनवाई


