Giridih: झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र राजदह धाम में आयोजित होने वाले निर्जला महा एकादशी महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी कड़ी में बगोदर-सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को राजदह धाम पहुंचकर आयोजन की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल तथा विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि निर्जला महा एकादशी के अवसर पर राजदह धाम में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम
एसडीएम ने बताया कि निर्जला महा एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके अलावा मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पूरे आयोजन के दौरान निगरानी रखेंगे. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम और वाहन को भी तैनात किया गया है. वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि यह धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है.

लगभग पूरी हो चुकी हैं तैयारियां: समिति अध्यक्ष
राजदह धाम समिति के अध्यक्ष सुरेश भारती ने बताया कि निर्जला महा एकादशी को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा पूजा-अर्चना की व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं. उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है और समिति उनकी सुविधा के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है. उन्होंने प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समिति के संयुक्त प्रयास से आयोजन को सफल बनाया जाएगा.
राजदह धाम की धार्मिक महत्ता
राजदह धाम झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है. प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह स्थल वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है.निर्जला महा एकादशी, सावन और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. निर्जला महा एकादशी के अवसर पर यहां विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है. दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से भगवान विष्णु की आराधना करते हैं.


