Hazaribagh: शहरी क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली मुख्य सड़कों की जर्जर स्थिति से जल्द ही शहरवासियों को निजात मिलने वाली है. राष्ट्रीय उच्च पथ-522 के अंतर्गत आने वाली प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार और गड्ढों को भरने के लिए नगर निगम और संबंधित विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है. इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद राणा ने राष्ट्रीय उच्च पथ कार्यालय में कार्यपालक अभियंता श्री वर्णवाल से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान कार्यपालक अभियंता ने आश्वस्त किया है कि आगामी पांच दिनों के भीतर सड़क के सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा.
दिशा की बैठक में प्रमुखता से उठा था सड़कों की बदहाली का मामला
शहर की इस गंभीर समस्या को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. गौरतलब है कि बीते 29 मई को आयोजित ‘दिशा’ समिति की महत्वपूर्ण बैठक में लेपो रोड से इंद्रपुरी चौक, जिला परिषद चौक, मटवारी, कोरा चौक होते हुए बगोदर रोड तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाली का मामला प्रमुखता से उठाया गया था. उस दौरान उपायुक्त और राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग के कार्यपालक अभियंता का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जनता को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया गया था. इसी कड़ी में आज पुनः विभाग से संपर्क साधकर कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई.

तीन महीने के भीतर चमकेगी सड़क
कार्यपालक अभियंता श्री वर्णवाल ने मुलाकात के दौरान शहरवासियों को एक और बड़ी राहत की खबर दी है. उन्होंने बताया कि तत्कालिक रूप से पांच दिनों के भीतर गड्ढों को भरने और मरम्मत का काम तो शुरू हो ही रहा है, साथ ही अगले तीन महीने के भीतर इस पूरी सड़क का व्यापक पैमाने पर जीर्णोद्धार कार्य भी कराया जाएगा. इस कदम से लंबे समय से हिचकोले खाकर सफर करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी तथा सड़क हादसों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी.
जनहित के मुद्दों पर हर स्तर पर संवाद जारी: महापौर
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए महापौर अरविंद राणा ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा, बेहतर बुनियादी ढांचा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े हर एक मुद्दे पर प्रशासनिक स्तर से लेकर विभागीय स्तर तक लगातार संवाद और अनुश्रवण किया जा रहा है ताकि जनसमस्याओं का शीघ्र और स्थाई समाधान हो सके. उन्होंने प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता के हक और विकास कार्यों के लिए वे लगातार धरातल पर सक्रिय हैं और काम कर रहे हैं.


