Jamshedpur : परसुडीह स्थित एक कॉलेज में क्लासरूम के अंदर एक छात्र का देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का मामला सामने आया. जिसके बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच की, जिसमें मामले की पुष्टि हुई. जानकारी के अनुसार, 12वीं साइंस का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था. क्लासरूम में उसने अन्य छात्रों को हथियार दिखाया. इसी दौरान एक छात्र ने उसका वीडियो बना लिया. जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पूछताछ में आरोपी छात्र ने स्वीकार किया कि छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद कॉलेज में अपना दबदबा कायम करने के लिए वह हथियार लेकर आया था.
जांच के बाद कॉलेज प्रबंधन की बड़ी कार्रवाई
शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने घटना से इनकार किया था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद प्रिंसिपल एस.सी. महतो ने मामले की पुष्टि की. जांच में पता चला कि वीडियो में दिख रहे तीनों छात्र कॉलेज के ही 12वीं साइंस के छात्र हैं.

तीनों छात्रों को किया गया निष्कासित
प्रिंसिपल एससी महतो ने बताया कि पूछताछ के दौरान छात्र ने यह भी कबूल किया कि उसके इलाके के एक साथी ने उसे हथियार दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने वीडियो में शामिल तीनों छात्रों को निष्कासित कर दिया.
कॉलेज में लागू होंगे कड़े नियम
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन संबंधी नियमों को और सख्त किया जाएगा. घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच भी चिंता का माहौल है.
ALSO READ : CM के खिलाफ दर्ज आचार संहिता उल्लंघन की FIR रद्द


