Patna: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है. विभाग की ओर से 22 जून को जारी नोटिस में उन्हें 29 जून तक आवास खाली करने का निर्देश दिया गया है. यानी अब उनके पास बंगला खाली करने के लिए केवल 7 दिनों का समय बचा है. नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर आवास खाली नहीं करने पर बिहार सरकारी परिसर (आवंटन, किराया, वसूली एवं बेदखली) संशोधन अधिनियम-2024 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
39 हार्डिंग रोड का आवंटन, मंत्री को मिला 10 सर्कुलर रोड
भवन निर्माण विभाग के अनुसार राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है. वहीं 10 सर्कुलर रोड का आवंटन डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नन्द किशोर राम को किया गया है. हालांकि आवास खाली नहीं होने के कारण मंत्री अब तक वहां प्रवेश नहीं कर पाए हैं. नोटिस में उन सभी पूर्व नोटिसों का भी उल्लेख किया गया है जो राबड़ी देवी को बंगला खाली करने के लिए भेजे गए थे. विभाग का कहना है कि 15 दिसंबर 2025 को भी उन्हें आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन अब तक उन्होंने इसे खाली नहीं किया है.

लालू प्रसाद की सेहत का दिया था हवाला
इससे पहले जारी नोटिस के जवाब में राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखकर अतिरिक्त समय की मांग की थी. उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए कहा था कि डॉक्टरों ने उनके लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. राबड़ी देवी के अनुसार संक्रमण के खतरे को देखते हुए 10 सर्कुलर रोड आवास में लालू प्रसाद के लिए विशेष व्यवस्था और अलग कमरा बनाया गया है. उन्होंने सरकार से अनुरोध किया था कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास में भी इसी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि नए आवास में आवश्यक निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद वे वहां शिफ्ट हो जाएंगी. हालांकि अब भवन निर्माण विभाग ने अंतिम नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया है.
ALSO READ: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध दस दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन


