Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को किस्को प्रखंड के अरेया पंचायत स्थित अरेया लैम्प्स में किसानों के बीच बिरसा बीज विनिमय योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज का वितरण किया. इस अवसर पर उन्होंने किसानों से संवाद कर कृषि गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. धान बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने किसानों से धान बीज पर दी जा रही अनुदान राशि, लैम्प्स द्वारा लिए जा रहे मूल्य तथा बीज की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाए.
उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने अरेया लैम्प्स में उर्वरकों की उपलब्धता की भी जांच की. उन्होंने अधिकारियों एवं लैम्प्स प्रबंधन को किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो.

किसानों से संवाद कर कृषि कार्यों की ली जानकारी
उपायुक्त ने किसानों से बातचीत कर क्षेत्र में चल रहे कृषि कार्यों, बुआई की स्थिति तथा किसानों को आ रही समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के विकास एवं किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है, जिनका लाभ किसानों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है. जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार अरेया लैम्प्स में विभिन्न किस्मों के धान बीज का वितरण 50 प्रतिशत अनुदान पर किसानों के बीच किया गया. इस अवसर पर परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, संबंधित लैम्प्स के अध्यक्ष एवं सचिव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.


