Chatra: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. हंटरगंज प्रखंड के नावाडीह पनारी पंचायत अंतर्गत जाजलो बाजार स्थित एक बंद पड़े पत्थर के माइंस से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है. माइंस के पानी में महिला का शव तैरता मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल है.
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जब स्थानीय ग्रामीण रोजाना की तरह शौच के लिए माइंस की तरफ गए, तो उनकी नजर पानी में तैरते हुए एक शव पर पड़ी. शव को देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत स्थानीय हंटरगंज थाना पुलिस को दी.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, चतरा भेज दिया है.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को इस बंद माइंस में फेंक दिया गया. ग्रामीणों के मुताबिक, शव पानी में पूरी तरह फूल चुका है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह घटना दो से चार दिन पुरानी हो सकती है.
बताया जा रहा है कि यह माइंस पिछले 20 वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ा है और इसमें काफी गहरा पानी भरा हुआ है. चतरा का यह इलाका बिहार-झारखंड की सीमा के बेहद करीब है. ऐसे में पुलिस को यह भी आशंका है कि किसी ने बिहार की तरफ महिला की हत्या की हो और शव को ठिकाने लगाने के लिए झारखंड की सीमा में स्थित इस सुनसान माइंस का इस्तेमाल किया हो.


