Ranchi: रिम्स के निदेशक डॉ. राजकुमार के समय से पहले इस्तीफे को लेकर भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर बड़ा हमला बोला है. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने आरोप लगाया कि डॉ. राजकुमार स्वास्थ्य विभाग में कथित अवैध वसूली के रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा बन गए थे. इसी वजह से उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और आखिरकार इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा.
मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की गई
रमाकांत महतो ने कहा कि डॉ. राजकुमार एक ईमानदार और कुशल प्रशासक हैं. उन्होंने रिम्स की व्यवस्था सुधारने के लिए कई कदम उठाए, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री लगातार उनके काम में दखल देते रहे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीआईडी जांच का हवाला देकर उन्हें बदनाम करने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की गई.

भाजपा ने कांग्रेस पर दलित अधिकारियों के उत्पीड़न का लगाया आरोप
भाजपा ने कांग्रेस पर दलित अधिकारियों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया. पार्टी का दावा है कि डॉ. राजकुमार को पहले भी पद से हटाने की कोशिश हुई थी, लेकिन हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद वे अपने पद पर बने रहे. भाजपा ने स्वास्थ्य विभाग में कथित अवैध वसूली, मनमानी नियुक्तियों और ईमानदार अधिकारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. पार्टी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से तत्काल इस्तीफे की मांग की.
Also Read: करोड़ों की जलापूर्ति योजना ट्रायल में ही फेल, 45 किमी की पाइपलाइन 4 किमी में फूटी


