Jamshedpur : आजादनगर थाना क्षेत्र में 1 जून को रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के समीप हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया. सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि फायरिंग की घटना में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर शामिल थे. घटना के बाद आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
13 जून को पहली गिरफ्तारी, 22 को सरेंडर
कार्रवाई के दौरान 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई. पुलिस दबाव के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी, 24 वर्ष, रहमतनगर, कपाली निवासी ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे 48 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हथियार की जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामला दर्ज है. फिलहाल फरार आरोपी मोहम्मद शफीक, महताब और तनवीर उर्फ समीर की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा.

Also Read : जमशेदपुर के मानगो स्थित संजीव नेत्रालय में हंगामा, मरीज ने ऑपरेशन के बाद आंख की रोशनी घटने का लगाया आरोप


