Bokaro: बेरमो अनुमंडल के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के लुगू पहाड़ की तलहटी में बसे कारीपानी गांव से रिश्तों को शर्मसार और रूह कंपा देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां शुक्रवार की देर रात शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही सगे पिता की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई
मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय आरोपी बेटा अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात अत्यधिक शराब पीकर लौटा था. वह पूरी तरह नशे में धुत था. बेटे की इस लाइलाज लत और आए दिन के तमाशे से तंग आकर उसके 63 वर्षीय बुजुर्ग पिता जयलाल करमाली ने उसे फटकार लगाई. पिता ने उसे सुधरने की नसीहत देते हुए कहा कि उसकी इसी शराब की लत के कारण घर में हमेशा अशांति रहती है और उसकी पत्नी भी रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर अपने मायके चली गई है. पिता की यही सच्ची नसीहत नशे में अंधे हो चुके बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसका खून खौल उठा. उसने आव देखा न ताव, गुस्से में आपा खोकर घर में रखी धारदार टांगी उठाई और अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. वार इतना जोरदार और घातक था कि लहूलुहान हालत में जयलाल करमाली की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई.

नशे की बढ़ती प्रवृत्ति परिवारों को उजाड़ रही है
घर के भीतर मचे इस खूनी तांडव की भनक जैसे ही आस-पास के लोगों को लगी, ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए भागने की फिराक में लगे हत्यारे बेटे अर्जुन करमाली को दबोच लिया और उसे रस्सी से बांधकर घर में ही बंधक बना लिया. इसके बाद ग्रामीणों द्वारा स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई. वारदात की खबर मिलते ही जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी टांगी को भी मौके से बरामद कर जब्त कर लिया है. शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं. उन्होंने इस घटना को समाज के लिए बेहद दुखद और शर्मनाक बताते हुए कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति आज हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ रही है. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
AlsoRead:रांची को मिलेगी हाईटेक कॉरिडोर सड़क, 177 करोड़ की परियोजना पर इसी साल शुरू होगा काम


