Ranchi: राजधानी रांची के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से की यातायात व्यवस्था को नई पहचान देने वाली बहुप्रतीक्षित स्मार्ट कॉरिडोर सड़क परियोजना अब धरातल पर उतरने की तैयारी में है. स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) ने करीब 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए निविदा जारी कर दी है. विभाग का लक्ष्य सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण एजेंसी का चयन करना है, ताकि इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके.
परियोजना के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा जमीन अधिग्रहण और सड़क के अलाइनमेंट से जुड़ी थी. हटिया ग्रिड और नयासराय रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के कारण डिजाइन में बदलाव की जरूरत थी. विभाग ने तकनीकी समाधान के जरिए इन समस्याओं का समाधान कर लिया है, जिसके बाद परियोजना को गति मिल गई है.

6.09 किमी लंबी बनेगी छह लेन की स्मार्ट सड़क
योजना के तहत विवेकानंद स्कूल मोड़ से जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और नयासराय रेलवे ओवरब्रिज तक करीब 6.09 किलोमीटर लंबी छह लेन की आधुनिक सड़क बनाई जाएगी. सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण होगा, जिससे सभी वर्गों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.
सोलर लाइट, हरियाली और बैठने की भी होगी व्यवस्था
नयासराय रेलवे ओवरब्रिज से न्यायालय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. इस हिस्से में दो लेन की सड़क के साथ पेव्ड शोल्डर बनाया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगा.
परियोजना के तहत पूरे कॉरिडोर को आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस किया जाएगा. सड़क पर सोलर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइटें लगेंगी. हरित वातावरण के लिए सड़क के मध्य और किनारों पर पौधारोपण व सजावटी फूल लगाए जाएंगे. इसके अलावा लोगों के बैठने और विश्राम के लिए खुले सार्वजनिक स्थल भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यह कॉरिडोर शहर का आकर्षक सार्वजनिक मार्ग बन सके.
ALSO READ: पलामू में रहस्यमयी बीमारी का कहर, एक ही परिवार के तीसरे सदस्य ने तोड़ा दम, गाँव में दहशत


