-
दोनों अनुमंडलों के लिए एक-एक रथ, किसान संगोष्ठी से देंगे आधुनिक खेती की जानकारी
-
समाहरणालय से डीएसओ, डीएओ और पशुपालन पदाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
Saraikela: झारखंड सरकार के निर्देश और उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के आदेश पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान का शुभारंभ किया गया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, जिला पशुपालन पदाधिकारी और जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दो डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथों को रवाना किया. जिले के दोनों अनुमंडलों के लिए एक-एक बिरसा कृषि जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाई गई. यह अभियान किसानों तक कृषि और संबद्ध विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है. दोनों रथ अगले 15 दिनों तक सरायकेला और चांडिल अनुमंडल की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड में पावर शेयरिंग’ की सुगबुगाहट: कांग्रेस ने समन्वय समिति के गठन और बोर्ड-निगमों में नियुक्ति को बताया जरूरी

हर पंचायत में किसान संगोष्ठी का आयोजन
हर पंचायत में किसान संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. संगोष्ठियों में किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन, डेयरी विकास की जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित कृषि, पशुपालन, गव्य विकास विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन और उपलब्ध सुविधाओं से भी अवगत कराया जाएगा. किसानों को नई तकनीक, सरकारी योजनाओं और अनुदान की पूरी जानकारी दी जाएगी. मकसद है कि किसान जागरूक हों, उत्पादकता बढ़ाएं और आय दोगुनी कर आत्मनिर्भर बनें.”
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में बनेगा अत्याधुनिक शूटिंग रेंज, खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान : सांसद
जिला प्रशासन की अपील- संगोष्ठियों में अधिक संख्या में लोग भाग लें
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि जब डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ उनके पंचायत क्षेत्र में पहुंचे तो किसान संगोष्ठियों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें. विभागीय अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर योजनाओं का लाभ उठाएं. 15 दिन तक चलने वाले इस अभियान से जिले के हजारों किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की सीधी जानकारी मिलेगी.


