Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने ‘झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023’ को लेकर एक महत्वपूर्ण आधिकारिक सूचना जारी की है. आयोग द्वारा राज्य के 8 जिलों (रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका) में 12 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. अब इसके आधार पर सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सा जांच का शेड्यूल घोषित कर दिया गया है.
चिकित्सा जांच का पूरा शेड्यूल
जांच की अवधि: 01 जुलाई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक (रविवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़कर).

समय: प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक.
स्थान: ऑडिटोरियम, आठवां तल्ला, सदर अस्पताल, रांची.
नोट (अनुक्रमांक सूची): परीक्षा की विवरणिका के नियमों के तहत मेधाक्रमानुसार और आरक्षण कोटिवार रिक्तियों की संख्या से तीन गुना (3 गुना) अभ्यर्थियों का चयन मेडिकल टेस्ट के लिए किया गया है. हर दिन 150 अभ्यर्थियों (अंतिम दिन 141) को रोल नंबर के बढ़ते क्रम में बुलाया गया है.
अनुपस्थित अभ्यर्थियों के लिए अंतिम मौका
यदि कोई अभ्यर्थी किसी कारणवश अपनी निर्धारित तिथि (1 से 14 जुलाई के बीच) को चिकित्सा जांच में शामिल नहीं हो पाता है, तो आयोग उसे एक अंतिम अवसर देगा.
अंतिम तिथि: 17 जुलाई 2026 और 18 जुलाई 2026.
इसके बाद मेडिकल टेस्ट के लिए कोई भी अतिरिक्त समय या मौका नहीं दिया जाएगा.
Also Read: पेपर लीक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, केंद्र सरकार दे जबाव : भागीरथ पासवान
री-मेडिकल और अपीलीय बोर्ड
यदि कोई अभ्यर्थी चयन परिषद के चिकित्सा निर्णय से संतुष्ट नहीं है या उसे ‘अयोग्य’ घोषित किया जाता है, तो वह इसके विरुद्ध अपील कर सकता है.
अपील जांच की तिथियां: 20 जुलाई 2026 एवं 21 जुलाई 2026.
समय: पूर्वाह्न 11:00 बजे से.
स्थान: चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय, सम्मेलन कक्ष, रिम्स, रांची.
विशेष निर्देश: अपीलीय जांच में Apex Medical Board का निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य होगा. इसमें अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा मौका नहीं मिलेगा. इसके लिए अनुक्रमांकवार सूची अलग से जारी की जाएगी.
परिणाम और रिक्तियों से जुड़ा महत्वपूर्ण नियम
प्रमाणपत्र सत्यापन: चिकित्सा जांच में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन करने के बाद ही अंतिम परीक्षाफल प्रकाशित किया जाएगा. यदि मेडिकल या डीवी के बाद भी पद रिक्त रह जाते हैं, तो आयोग लिखित परीक्षा की मेरिट सूची में नीचे के अभ्यर्थियों को आवश्यक संख्या के अनुसार पुनः चिकित्सा जांच के लिए बुलाएगा.


