Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में ग्रामीण गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को जिले के सभी 18 प्रखंडों में गृह प्रवेश दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया. इस अवसर पर विभिन्न आवास योजनाओं के तहत पूर्ण हुए 141 नवनिर्मित आवासों में लाभुक परिवारों का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया.
कार्यक्रम के दौरान लाभुक परिवारों ने अपने नए घरों में पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पूजा-अर्चना के साथ प्रवेश किया. सभी लाभुकों को जिला प्रशासन की ओर से उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर प्रदान कर उनके नए जीवन की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम लाभुक परिवारों के लिए भावनात्मक एवं यादगार अवसर बना.


अधिकारियों ने लाभुकों से किया संवाद
उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में गृह प्रवेश दिवस का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में वरीय एवं सहायक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई. अधिकारियों ने संबंधित प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण कर गृह प्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया तथा लाभुकों से संवाद स्थापित कर उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया.
ALSO READ: डोरंडा में चार पहिया वाहन ने JAP जवान को मारा धक्का, घायल
सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है उद्देश्य
पदाधिकारियों ने नवनिर्मित आवासों की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए लाभुकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवासीय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं. जिला प्रशासन ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा एवं बेहतर जीवन-स्तर से जोड़ना भी है.
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. जिला प्रशासन ने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. भविष्य में भी आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा.


