-
दुकान बंद कर घर लौट रहे ज्वेलर्स से झपट्टा मारकर भाग रहे थे दो युवक, एक बाइक समेत फरार; पुलिस जांच में जुटी
Palamu: हुसैनाबाद प्रखंड के दंगवार मुख्य बाजार में शनिवार शाम स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से सोना-चांदी की बड़ी लूट की वारदात विफल हो गई. बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वेलर्स से करीब छह लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूटकर भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया. जबकि उसका एक साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार दंगवार मुख्य बाजार स्थित मां शांति ज्वेलर्स के संचालक श्रवण सोनी शनिवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर अपने पुत्र अंश कुमार सोनी के साथ सोने-चांदी के आभूषण लेकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने अंश कुमार के हाथ से जेवरों से भरा बैग झपट लिया और भागने लगे.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में फिर फटी ऐश पॉन्ड की पाइपलाइन, कोनार नदी में बहा छाई युक्त पानी, घर में घुसा छाई

दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद अंश कुमार ने बिना घबराए बदमाशों का पीछा किया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया. इसी बीच स्थानीय युवक बबलू सहित अन्य लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को दबोच लिया. हालांकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर फरार होने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही दंगवार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह ने युवक को अपने कब्जे में लेकर हुसैनाबाद थाना भेज दिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से व्यापारियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से लाखों रुपये के आभूषण सुरक्षित बच गए और एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: ब्राउन शुगर बेचते और खरीदते एक दर्जन लोग हिरासत में, पुलिस की कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप


