Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के ऐश पॉन्ड को जाने वाली पाइपलाइन शनिवार की रात लगभग साढ़े सात बजे एक बार फिर अचानक फट गई. इस हादसे के बाद पाइपलाइन से अत्यधिक तीव्र गति से निकली छाई (ऐश स्लरी) का भारी बहाव सीधे नाला से होकर कोनार नदी में होने लगा, जिससे नदी का पानी प्रदूषित हो गया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है स्थानीय मुर्गी फार्म के समीप स्थित दिनेश यादव एवं राकेश यादव के खटाल के पास चार नंबर पाइपलाइन अचानक तेज आवाज के साथ फट गई. पाइप फटने के बाद छाई युक्त पानी का प्रेशर इतना जबरदस्त था कि जब तक पावर प्लांट से इस लाइन की सप्लाई रोकी जाती, तब तक काफी मात्रा में छाई का मलबा बहकर कोनार नदी में समा गया. इस भयावह रिसाव के कारण ऐश स्लरी का प्रेशर सीधे पास में रहने वाले दिनेश यादव के घर के भीतर आंशिक रूप से प्रवेश कर गई. इस दौरान खटाल में मौजूद दिनेश यादव भी पूरी तरह से छाई के गंदे पानी से भीग गए.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: ब्राउन शुगर बेचते और खरीदते एक दर्जन लोग हिरासत में, पुलिस की कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप

डीवीसी मैनेजमेंट से ठोस उपाय करने की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना डीवीसी के ऐश मैनेजमेंट सिस्टम के जीएम एए कुजूर को दी गई. सूचना मिलते ही जीएम ने तत्परता दिखाते हुए पावर प्लांट से उक्त प्रभावित चार नंबर पाइपलाइन की सप्लाई को पूरी तरह बंद करवाया, तब जाकर छाई का बहाव रुका. बार-बार पाइपलाइन फटने की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उन्होंने डीवीसी प्रबंधन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है ताकि कोनार नदी को प्रदूषित होने और रिहाइशी इलाकों को इस संकट से बचाया जा सके.



