NewsWave Desk : भारतीय रेल ने एक और कामयाबी दर्ज की है. जहां जम्मू कश्मीर से ताजा आलूबुखारा को लोड कर चेन्नई और कोलकाता के लिये रवाना किया. इससे जम्मू कश्मीर के आलूबुखारा कम दाम में चेन्नई और कोलकाता तक पहुंच जायेंगे. इसके पहले इसके लिये एयर कार्गो का इस्तेमाल किया जाता था. जम्मू रेल मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से चेन्नई के लिए 284 पैकेट ताजा आलूबुखारा भेजा. वहीं, जम्मूतवी से कोलकाता के लिए लगभग 587 पैकेट यानी करीब 6.1 टन आलूबुखारा भेजा गया. जानकारी हो कि इसके पहले चेरी और लीची की सफल लोडिंग की गयी थी. जिसके बाद आलूबुखारा की यह खेप जम्मू-कश्मीर से चेन्नई और कोलकाता भेजा गया. इसके साथ ही ताजे फलों को दक्षिण भारत तक पहुंचाने की श्रृंखला में यह महत्वपूर्ण कदम है.
कश्मीर को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा रहा
जम्मू मंडल की ओर से पार्सल सेवाओं के माध्यम से कश्मीर घाटी के बागवानों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. चेरी, लीची के बाद अब आलूबुखारा की लोडिंग दर्शाती है कि रेलवे ताजे और जल्दी खराब होने वाले फलों के परिवहन के लिए सबसे भरोसेमंद और किफायती विकल्प बन रहा है. इससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं और उपभोक्ताओं तक ताजे फल समय पर पहुंच रहे हैं. रेलवे अधिकारियों की मानें तो जम्मू रेल मंडल ताजे फलों, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है. इच्छुक व्यापारी व बागवान अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्टेशन पर मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक या मंडल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

ALSO READ : अगस्त से पटना में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, दीघा से कंगन घाट तक मिलेगा सफर का नया अनुभव


