गुमला: गुमला जिले की फुटबॉल प्रतिभाएं एक बार फिर चर्चा में हैं. गुमला की रहने वाली अष्टम उरांव के भारतीय टीम में जगह बनाने के बाद जिले में फुटबॉल को लेकर गर्व और उत्साह का माहौल है. यह इस बात का प्रमाण है कि गुमला में फुटबॉल खिलाड़ियों की प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. हालांकि इन प्रतिभाओं को निखारने के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की कमी खिलाड़ियों के सामने बड़ी चुनौती बनती जा रही है.
खराब स्टेडियम से खिलाड़ियों को हो रही परेशानी
गुमला जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली कई लड़कियां रोजाना परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में अभ्यास करने पहुंचती हैं, ताकि अपने खेल को बेहतर बना सकें. लेकिन स्टेडियम की वर्तमान स्थिति खिलाड़ियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है. खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम की जमीन काफी सख्त हो चुकी है और नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने के कारण मैदान में धूल का गुबार उठता है, जिससे अभ्यास करना काफी कठिन हो जाता है.
गर्मी की शुरुआत में ही बढ़ी दिक्कतें
खिलाड़ियों के अनुसार अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है, लेकिन अभ्यास के दौरान मैदान से उठने वाली धूल और सख्त जमीन के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खिलाड़ियों का कहना है कि यदि मैदान की नियमित देखभाल नहीं की गई तो आगे चलकर अभ्यास करना और भी मुश्किल हो जाएगा.
Also Read: UPI से Credit Card पेमेंट पर मिलेंगे रिवॉर्ड पॉइंट्स,जानें तरीका
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने के लिए बेहतर अभ्यास जरूरी
खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्टेडियम में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए और मैदान की देखभाल बेहतर तरीके से की जाए. उनका कहना है कि यदि अभ्यास के लिए सही माहौल मिलेगा तभी वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना पाएंगी. खिलाड़ियों के अनुसार खेल में बेहतर प्रदर्शन पूरी तरह से अभ्यास पर निर्भर करता है.
स्थानीय खिलाड़ियों ने भी उठाई आवाज
स्थानीय युवा खिलाड़ियों का भी कहना है कि स्टेडियम में उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें अभ्यास के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. खिलाड़ियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेडियम के रखरखाव पर नियमित ध्यान दिया जाए.
डीसी ने सुधार का दिया भरोसा
इस मामले को लेकर जब जिला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी माना कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से स्टेडियम की व्यवस्था को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
रखरखाव की कमी बन रही परेशानी का कारण
हालांकि जिला प्रशासन की ओर से स्टेडियम का निर्माण और आधारभूत ढांचा तैयार कर दिया गया है, लेकिन नियमित रखरखाव की कमी के कारण खिलाड़ियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही उनकी समस्याओं पर ध्यान देगा और स्टेडियम में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
