Ranchi: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन रांची जिले में उत्साहजनक प्रदर्शन देखने को मिला. जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रोविजनल रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन जिले के 5,05,524 लक्षित बच्चों में से 4,51,019 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई. इस तरह जिले में पहले दिन 89.22 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया. रिपोर्ट के अनुसार, रांची शहरी क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां 2,07,381 बच्चों के लक्ष्य के मुकाबले 1,98,668 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई. यहां 95.80 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 2,98,143 बच्चों के लक्ष्य के मुकाबले 2,52,351 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, जिससे 84.64 प्रतिशत कवरेज प्राप्त हुआ.
प्रखंडवार प्रदर्शन
- ओरमांझी – 92.87%,
- बुंडू – 91.01%,
- लापुंग – 89.75%,
- अंगड़ा – 89.55%,
- बुर्मू – 89.00%,
- तमाड़ – 87.22%,
- सोनाहातू – 86.69%,
- सिल्ली – 85.14%,
- नामकुम – 83.56%,
- बेड़ो – 83.24%,
- मांडर – 82.98%,
- चान्हो – 82.91%,
- कांके – 80.67%,
- रातू – 71.75% (सबसे कम)
30 जून 2026 तक चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान 30 जून 2026 तक चलेगा. पहले दिन छूटे हुए बच्चों को अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा मिल सके. स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है, कि यदि उनका बच्चा पहले दिन पोलियो की दवा नहीं पी सका है, तो अभियान के शेष दिनों में उसे अवश्य पोलियो की खुराक दिलाएं. यह बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए बेहद जरूरी है.



