-
उपायुक्त ने कहा: लोकतंत्र की मजबूती में वॉलिंटियर्स की भूमिका अहम, प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना प्राथमिकता
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल एवं त्रुटिरहित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुट गया है. इसी क्रम में प्रोजेक्ट समावेश के तहत रविवार को टाटा कॉलेज, चाईबासा स्थित बहुउद्देशीय सभागार में जिले के सभी प्रतिनियुक्त बूथ वार वॉलिंटियर्स के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य वॉलिंटियर्स को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना, उनकी भूमिका को स्पष्ट करना तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को अधिक प्रभावी बनाना था. कार्यशाला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में बूथ वार वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे.

लोकतंत्र की आधारशिला है शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में से एक है. यदि मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होगी, तभी प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा और लोकतंत्र की मजबूती सुनिश्चित होगी. उन्होंने कहा कि इस अभियान में बूथ वार वॉलिंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण है. वॉलिंटियर्स को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा तथा प्रत्येक स्तर पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करना होगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे.
30 जून से घर-घर पहुंचेंगे गणना प्रपत्र
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का दो-दो प्रतियों में वितरण प्रारंभ करेंगे. इस प्रक्रिया में वॉलिंटियर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है. उन्होंने वॉलिंटियर्स को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहायता करें, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा समय पर भरे हुए प्रपत्रों को जमा कराने में सहयोग दें. उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है या उसमें किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसका समय पर सुधार कराना भी वॉलिंटियर्स की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.
युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि 29 जून को जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना है. अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है जब युवा वर्ग सक्रिय रूप से निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी निभाए.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: कबीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, भक्ति और श्रद्धा से गूंजा शहर
प्रशिक्षण में दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में वॉलिंटियर्स को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया. प्रशिक्षण के दौरान निम्न विषयों पर विशेष जानकारी दी गई.
गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण
प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया
बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय
मतदाता जागरूकता अभियान का संचालन
पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रिया
अभियान के दौरान पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के उपाय
प्रशिक्षकों ने वॉलिंटियर्स द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी किया तथा क्षेत्र में कार्य करते समय आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तरीके बताए.

उत्कृष्ट सहभागिता का लिया संकल्प
कार्यशाला के समापन पर सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं बूथ वार वॉलिंटियर्स ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. साथ ही सभी प्रतिभागियों ने पश्चिमी सिंहभूम को नशा मुक्त जिला बनाने तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता फैलाने की शपथ भी ग्रहण की.
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. नागरिक बीएलओ एवं बूथ वार वॉलिंटियर्स को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें तथा यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसका समय रहते सुधार कराएं. प्रशासन ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है.


