Chakradharpur: चक्रधरपुर के नगर परिषद कार्यालय परिसर में न्यू बस स्टैंड दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा के लिए भव्य पूजा मंडप के निर्माण का शुभारंभ विधिवत भूमिपूजन के साथ किया गया. मंडप का निर्माण आपसी सहयोग एवं जनसहभागिता से कराया जा रहा है.
जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक सुखराम उरांव, नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय साव, पार्षद राजू कसेरा, संजय पासवान, विनय बर्मन, लीला प्रसाद सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे.

भव्य स्वरूप में बनेगा पूजा पंडाल
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता से आयोजित होने वाले ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं. समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.


