Khunti: खूंटी अंचल सभागार में सोमवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलरों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीएसओ खुशबू तिर्की ने की. बैठक में राशन वितरण, ई-केवाईसी, ग्रीन कार्ड, चना दाल वितरण समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.
समय पर राशन वितरण के दिए निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए बीएसओ खुशबू तिर्की ने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह 1 से 20 तारीख के बीच शत-प्रतिशत राशन वितरण हर हाल में सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि किसी डीलर की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध निलंबन के साथ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी.

ग्रीन कार्ड और ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी
बीएसओ ने विशेष रूप से ग्रीन कार्ड, ई-केवाईसी और चना दाल वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि इन मामलों में खूंटी जिला अभी पीछे चल रहा है और इसमें तेजी लाने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
तकनीकी समस्याओं का बहाना स्वीकार नहीं
बैठक के दौरान कई डीलरों ने नेटवर्क की समस्या, ई-पॉस मशीनों में तकनीकी खराबी तथा अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी दी. इस पर बीएसओ ने कहा कि तकनीकी समस्याएं स्थायी बहाना नहीं हो सकतीं. सभी डीलरों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करना होगा और बेहतर कार्य कर जिले को राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल करने का प्रयास करना होगा.बैठक के अंत में सभी जन वितरण प्रणाली के डीलरों ने प्रत्येक माह शत-प्रतिशत राशन वितरण करने तथा सरकार के निर्देशों का पूरी ईमानदारी से पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया.


