Click Here
Click Here
Click Here

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 को लेकर DC ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

Palamu: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम...

Palamu: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, समय-सीमा, बीएलओ एवं बीएलए-2 की भूमिका तथा जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

30 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे अभियान

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 संचालित किया जा रहा है. इसके तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे तथा भरे हुए प्रपत्रों को प्राप्त कर ECINET में दर्ज करेंगे. 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा. दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.

बीएलए-2 की भूमिका बताई अहम

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने में राजनीतिक दलों और उनके द्वारा नामित बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए-2 की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने और निर्वाचन कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बीएलए-2, बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाएंगे. बैठक में बताया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 के बीच नियमित बैठकें आयोजित होंगी. घर-घर भ्रमण के दौरान बीएलए-2 भी बीएलओ के साथ शामिल होकर मतदाताओं से संवाद करेंगे. अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान और सत्यापन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.

दस्तावेज नहीं होंगे एकत्र

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज एकत्र नहीं किया जाएगा. यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है.

जागरूकता अभियान में सहयोग की अपील

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया. उपायुक्त ने कहा कि 30 जून से शुरू होने वाले एन्यूमरेशन चरण के दौरान सोशल मीडिया एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के जागरूकता अभियान एवं #JharkhandSIR अभियान में सहयोग करने की अपील की.

लोकतंत्र की मजबूती पर दिया जोर

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की सहभागिता समान रूप से महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

ALSO READ : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र से मांगे मनरेगा के 900 करोड़, न्यूनतम मजदूरी 433 रुपए करने की रखी मांग

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *