Palamu: शहर के मुख्य डाकघर के पास सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने होटल संचालक उग्रसेन पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में होटल संचालक के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसके बाद आस-पास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
पैसे के लेनदेन को लेकर उपजा था विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के अनुसार, सोमवार दोपहर को उग्रसेन अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा. उसने कुछ खाने-पीने की चीजें पैक करने के लिए कहा. सामान तैयार होने के बाद जब दुकानदार ने उसका बिल मांगा, तो युवक ने तुरंत पैसे देने से मना कर दिया और बाद में भुगतान करने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आवेश में आकर युवक ने पास ही रखी कैंची उठा ली और उग्रसेन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे खून से लथपथ हो गए.

अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने शहर थाने में अज्ञात हमलावर के विरुद्ध लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. इस पूरे मामले पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया, कि पुलिस को आवेदन मिल चुका है और इसके आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों और कड़ियों को जोड़कर आरोपी की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 30 जून से शुरू, बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएंगे फॉर्म


