Palamu: डाल्टनगंज के पोखराहा में राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (NH-75) और डीएलपी पथ की क्रॉसिंग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी की पलामू जिला इकाई ने एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने किया, जबकि मंच संचालन विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा ने किया.
ओवरब्रिज निर्माण की उठी मांग
धरना स्थल पर नेताओं ने कहा कि पोखराहा स्थित NH-75 और डीएलपी पथ का क्रॉसिंग क्षेत्र का सबसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट बन चुका है. यहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, स्कूली बच्चे और आम नागरिक आवागमन करते हैं. तेज रफ्तार और बढ़ते यातायात के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है.

टोल वसूली रोकने की भी मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पोखराहा और जोड़ चौक पर जनसुरक्षा को देखते हुए अविलंब रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराया जाए. साथ ही सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक जोरकट टोल प्लाजा पर टोल वसूली तत्काल बंद करने की मांग भी उठाई गई.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं करते हैं तो क्षेत्र की जनता अपने अधिकार और सुरक्षा के लिए आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी. धरना-प्रदर्शन में जिला प्रतिनिधि सह मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, सांसद प्रतिनिधि ललित मेहता, सरोज चटर्जी, प्रमुख सुनील कुमार पासवान, प्रो. बच्चन ठाकुर, अरविंद यादव, महेश यादव, संदीप कुमार, कमेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.


