Hazaribagh: जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के बेरहो गांव में भूमि विवाद को लेकर एक परिवार ने दबंगई, मारपीट, फसल बर्बाद करने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है. पीड़ित चंद्रकिशोर प्रसाद ने बताया कि वर्ष 1991 में उनके पिता रामनाथ महतो और उनके भाइयों ने आपसी सहमति से 12 एकड़ भूमि खरीदी थी, जिसका बाद में बंटवारा हुआ. उनका आरोप है कि 24 जून 2026 को करीब 25 से 30 लोग हथियारों के साथ पहुंचे और खेत तक जाने वाले निजी रास्ते को बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दिया.
ट्रैक्टर से फसल रौंदने और रंगदारी मांगने का आरोप
पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने ट्रैक्टर से उनकी खड़ी फसल रौंद दी. उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित का कहना है कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जान बचाने के लिए उन्हें वहां से भागना पड़ा.

मानसिक प्रताड़ना का भी लगाया आरोप
परिवार ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने और आने-जाने के रास्ते पर गोबर और कचरा फेंककर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे घर की महिलाएं और बच्चे भय के माहौल में जी रहे हैं. पीड़ित ने अपनी शिकायत में 30 लोगों को नामजद करते हुए निष्पक्ष जांच, रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. मामले में प्रशासन की ओर से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


