Bokaro: बोकारो पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जरीडीह थाना अंतर्गत ग्राम तुपकाडीह, टोला कुम्हारडीह में एक व्यक्ति अपने घर में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में बेच रहा है. सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी जरीडीह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
छापेमारी में एक गिरफ्तार
गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर 45 वर्षीय संजय साव (Sanjay Sao), पिता– निरंजन साव, निवासी– तुपकाडीह, टोला कुम्हारडीह, थाना– जरीडीह, जिला– बोकारो के घर पर विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संजय साव के खिलाफ जरीडीह थाना कांड संख्या-89/2025 तथा पेटरवार थाना कांड संख्या-25/26 में पहले से भी मामले दर्ज हैं.
भारी मात्रा में सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान दो सफेद रंग के पानी के जार में करीब 40 लीटर तैयार विदेशी शराब जैसा तरल पदार्थ, Royal Stag के 1,000 ढक्कन, ICONIC के 1,000 ढक्कन, Royal Challenge के 2,000 ढक्कन, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर एवं बारकोड, SEAGRAM QUALITY और STERLING RESERVE ब्रांड के खाली कांच की बोतलें तथा 1,89,600 रुपये नकद बरामद किए गए. नकदी Royal Stag के स्टीकर वाले बंडल में छिपाकर रखी गई थी.
पूछताछ में किया खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अवैध शराब तैयार कर विभिन्न ब्रांडों के नाम से पैकिंग कर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करता था. बरामद सामग्री एवं नकदी को विधिवत जब्त करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध जरीडीह थाना कांड संख्या-100/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
Also Read: SP बोकारो को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी में अवैध शराब बरामद
पुलिस की अपील
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
छापेमारी दल
छापेमारी दल में पु.अ.नि. बिपिन चंद्र महतो (थाना प्रभारी, जरीडीह), पु.अ.नि. दशरथ कुमार दास, पु.अ.नि. संजीव कुमार, पु.अ.नि. विकास कुमार विश्वकर्मा, स.अ.नि. उमेश कुमार, आरक्षी मोबीन अंसारी, अनिल मुर्मू, उदय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.


