रांची: नगर निगम द्वारा शहर में बढ़ती स्ट्रीट डॉग्स की समस्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है. प्रशासक के निर्देश पर यह अभियान एनजीओ डब्ल्यूवीएस होप एंड एनिमल संस्था के सहयोग से पूरे शहर में चलाया जा रहा है.

रेबीज रोकथाम और संख्या नियंत्रण पर फोकस
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती संख्या पर नियंत्रण करना और रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित करना है, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके.
439 स्ट्रीट डॉग्स पकड़े गए
नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 के बीच अभियान के तहत 439 स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ा गया. इनमें से 306 कुत्तों की नसबंदी की गई, जबकि 685 कुत्तों को एंटी-रेबीज टीका लगाया गया है.
Also Read: रांची : अमन साहू के सहयोगी कुंदन की क्रिमिनल अपील याचिका झारखंड हाई कोर्ट से खारिज
सभी 53 वार्डों में चल रही कार्रवाई
रांची नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा तैयार रोस्टर के अनुसार यह अभियान शहर के सभी 53 वार्डों में लगातार चलाया जा रहा है. इसके अलावा सरकारी अस्पताल, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष अभियान चलाकर कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जा रहा है.
शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग्स से जुड़ी सूचना या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके.

