Bokaro: जिले की पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक बेहद शातिर और सक्रिय अंतरराज्यीय चेन छिनतई गिरोह का पर्दाफाश किया है. एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर पुलिस टीम ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल पांच आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने लगातार आठ दिनों तक सघन अभियान चलाकर इन अपराधियों गिरफ्तार किया. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाले सामान और लूटी गई संपत्ति बरामद की है.
ओडिशा का रहने वाला है गिरोह का मुख्य सरगना
पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है. पुलिस के अनुसार, इस गिरोह को ओडिशा से ऑपरेट किया जा रहा था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है. भोला दास (उम्र 30 वर्ष) यह इस गिरोह का मुख्य सरगना है, जो मूल रूप से ओडिशा के जाजपुर का रहने वाला है. इसके खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुल चारआपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. इसके अलावा राणा उर्फ रजनीश धनबाद का रहने वाला यह आरोपी भी बेहद शातिर है. इसके खिलाफ चास और धनबाद में चार मामले दर्ज हैं, बिट्टू सिंह, श्रवण सिन्हा और परमानंद वर्मा शामिल है.

चार जिलों में फैला था नेटवर्क, बिना नंबर की बाइक से देते थे चकमा
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस गिरोह का नेटवर्क झारखंड के चार प्रमुख जिला बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और रामगढ़ में फैला हुआ था. यह गिरोह मुख्य रूप से सुनसान सड़कों या बाजारों में अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाता था. झपट्टा मारकर सोने की चेन या लॉकेट छीनने के बाद ये अपराधी बिना नंबर की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर पलक झपकते ही फरार हो जाते थे, जिससे पुलिस को इन्हें ट्रैक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी.
सुनार भी रडार पर, छापेमारी जारी
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो कई राज्यों और जिलों में सक्रिय था. फिलहाल इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहन जांच जारी है. पुलिस अब उन सुनारों और संभावित खरीदारों की भूमिका की भी जांच कर रही है जो इन अपराधियों से चोरी और लूट के जेवर खरीदते थे.
AlsoRead:रांची: उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोपी के बेल पर अगली सुनवाई चार को


