Hazaribagh: शहर को सुव्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से हजारीबाग नगर निगम ने गुरुवार को जिला परिषद चौक और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडेय के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया. अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी दर्जनों फुटपाथ दुकानों को हटाया गया. कई दुकानों को पीछे हटाया गया, जबकि कुछ अस्थायी ढांचों और गुमटियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए.
रोजी-रोटी छिनने का आरोप, निगम पर दोहरे मापदंड अपनाने की बात
कार्रवाई से प्रभावित फुटपाथ दुकानदारों ने नगर निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि वर्षों से फल, सब्जी, चाय-नाश्ता, सैलून और अन्य छोटे व्यवसाय के जरिए वे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. दुकान हटने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल गरीब फुटपाथ व्यवसायियों पर कार्रवाई करता है, जबकि शहर के कई प्रमुख स्थानों पर स्थायी अतिक्रमण के बावजूद प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती. उन्होंने सभी अतिक्रमणकारियों पर समान कार्रवाई की मांग की.

स्थायी वेंडिंग जोन बनाने की मांग
प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए बार-बार दुकानें हटाना उचित नहीं है. उन्होंने छोटे व्यवसायियों के लिए स्थायी वेंडिंग जोन विकसित करने और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की, ताकि उनकी रोजी-रोटी प्रभावित न हो.
नगर निगम ने दिया अपना पक्ष
सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडेय ने कहा कि नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई कर रहा है. उन्होंने बताया कि जिला परिषद चौक और स्टेडियम के सामने बैठने वाले सब्जी विक्रेताओं के लिए पहले ही ‘शैरात’ की नीलामी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जहां वे व्यवस्थित रूप से दुकानें लगा सकते हैं. इसके अलावा कालीबाड़ी क्षेत्र और डेली मार्केट में भी सब्जी विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है.उन्होंने कहा कि जल्द ही झंडा चौक क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा. सड़क जाम करने वाले किसी भी अतिक्रमणकारी के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, चाहे उसका प्रभाव कितना भी बड़ा क्यों न हो.
ALSO READ :


