Lohardaga: झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन भारतीय राजनीति की अमूल्य धरोहर है. उनका व्यक्तित्व और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके जीवनकाल में था. उन्होंने कहा कि देशभक्त नेता बिरले ही पैदा होते हैं और डॉ. मुखर्जी का जीवन वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. प्रदेश अध्यक्ष लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड स्थित अभिराम बीएड कॉलेज, टीको के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बीएड के छात्रों, बुद्धिजीवियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मात्र 35 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने शिक्षा, राष्ट्रवाद और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया. उनके आदर्शों को अपनाकर ही विकसित भारत के निर्माण का सपना साकार किया जा सकता है.
‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’- आदित्य प्रसाद साहू
आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए। “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” की भावना प्रत्येक कार्यकर्ता के भीतर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा है. इसी कार्यसंस्कृति के कारण भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बनी है.प्रदेश अध्यक्ष ने अपने लोहरदगा दौरे के दौरान टाटी चौक स्थित अमर सेनानी विश्राम टाना भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा वीर शिवाजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ की बैठक
कुडू स्थित संजय ढाबा के सभागार में भाजपा जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक कर संगठन की भावी रणनीति, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने प्रखंडवार संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय जनसमस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने की प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की है और आज प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का सफर तय किया है. उन्होंने कहा कि एक शिक्षाविद होने के कारण उनका व्यवहार कार्यकर्ताओं के प्रति अत्यंत सरल और प्रेरणादायक है. उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है और आगामी चुनावों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा.
छात्र समेत कई बुद्धिजीवी रहे उपस्थित
मंच संचालन जिला महामंत्री मिथुन तमेडा एवं पशुपतिनाथ पारस ने किया. कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, मनीर उरांव, जिला प्रभारी अमित सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आजातशत्रु, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, अभिराम बीएड कॉलेज के सचिव इंद्रजीत भारती, जिला उपाध्यक्ष सरिता देवी, कलावती देवी, जगनंदन पौराणिक, राजीव रंजन, बजरंग उरांव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेला भगत, पवन तिग्गा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे.
कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
कार्यक्रम के दौरान आजसू पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी रामचंद्र गिरि, जिला मंत्री संगीता देवी, पूर्व कांग्रेसी कार्यकर्ता मुकेश कुमार सहित कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर संगठन में स्वागत किया और उन्हें राष्ट्रहित एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा की जनाधार में व्यापक विस्तार होगा.


