हजारीबाग में PDS चावल की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल, उपायुक्त से जांच की अपील

Hazaribagh: जिले के इचाक प्रखंड के कुछ जन वितरण प्रणाली दुकानों से प्राप्त चावल की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल...

PDS Rice
जलाए गए पीडीएस चावल

Hazaribagh: जिले के इचाक प्रखंड के कुछ जन वितरण प्रणाली दुकानों से प्राप्त चावल की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं. इस संबंध में आदर्श युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार ने हजारीबाग उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने की मांग की है. गौतम कुमार ने कहा कि कुछ लाभुकों द्वारा यह शिकायत की गई है, कि पीडीएस से प्राप्त चावल में अलग प्रकार के दाने पाए गए हैं. उनका दावा है कि जब कुछ दानों को अलग कर जलाकर देखा गया, तो जलने के बाद सामान्य राख बनने के बजाय चिपचिपा पदार्थ दिखाई दिया तथा जलने के दौरान असामान्य गंध भी महसूस हुई. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल जांच करानी चाहिए, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी आशंका को दूर किया जा सके.

उन्होंने कहा कि यदि चावल की गुणवत्ता में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की, कि पीडीएस का चावल लेने से पहले जांच करे और शिकायत पाई गई तो चावल का सेवन न करें, नहीं तो कैंसर जैसी बीमारी का सामना करना पड़ेगा.

पीडीएस विक्रेता ने बताया फोर्टिफाइड चावल का मिश्रण

वहीं परासी पंचायत की लाभुक नीलम कुमारी ने बताया, कि उन्हें प्राप्त चावल में दो प्रकार के दाने दिखाई दिए. उनका कहना है कि परीक्षण के दौरान कुछ दानों के जलने पर असामान्य गंध महसूस हुई और दाने आपस में चिपक गए. इस संबंध में पीडीएस विक्रेता से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया, कि चावल में सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले फोर्टिफाइड चावल का मिश्रण हो सकता है.

गौतम कुमार ने प्रशासन से मांग की है, कि मामले की वैज्ञानिक जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि जनता के बीच किसी प्रकार की भ्रांति या आशंका न रहे. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं की गई, तो आदर्श युवा संगठन आंदोलन करने पर विचार करेगा.

यह भी पढ़ें: पलामू के पांडू प्रखंड में वज्रपात की घटना, पेड़ के नीचे मोबाइल चला रहे तीन युवकों पर गिरी बिजली

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *