Bokaro: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरूवार को चंदनकियारी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्र क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत संचालित गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने और समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य निष्पादन पर निर्भर है. इसलिए सभी BLO एवं संबंधित पदाधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित करें.
BLO को सक्रिय सहयोग देने के लिए वॉलंटियर्स शिक्षक को दिए निर्देश
निरीक्षण के क्रम में DEO सह DC प्रखंड के बांसगाड़ी स्थित बूथ संख्या-178 पहुंचे, जहां उन्होंने BLO तुलसी कुमार सिंह दे से गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि फॉर्म वितरण एवं संग्रहण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य को भी समान गति से आगे बढ़ाया जाए. साथ ही प्रतिनियुक्त वॉलंटियर्स शिक्षक को विद्यालय अवधि समाप्त होने के बाद फ्रेंड, फिलॉसफर एवं गाइड की भूमिका निभाते हुए बीएलओ को सक्रिय सहयोग देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि SIR महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

डिजिटाइजेशन में तेजी लाने का निर्देश
इसके उपरांत DEO सह DC प्रखंड के संथाल लाघला स्थित बूथ संख्या-117 पहुंचे. जहां बीएलओ राजकुमारी हेंब्रम द्वारा किए जा रहे SIR कार्य का उन्होंने निरीक्षण किया. उन्होंने पाया कि गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण संतोषजनक ढंग से हो रहा है, जबकि डिजिटाइजेशन कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहा है. इस पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को कार्ययोजना बनाकर डिजिटाइजेशन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का लिया फीडबैक
SIR अभियान के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने जनवितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा विद्यालयों के संचालन के संबंध में ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त किया. उन्होंने उपस्थित बीडीओ/सीओ को निर्देश दिया, कि आमजन को सभी सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
“कुछ पैसे बचा भी लेती हूं…”- लाभुक के अनुभव से झलकी योजना की उपयोगिता
संवाद के दौरान ललिता हांसदा ने बताया, कि उन्हें दो-तीन माह से झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है. इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि लाभुकों का सत्यापन कार्य जारी है. जिन लाभुकों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है, उन्हें भुगतान किया जा चुका है तथा शेष लाभुकों को सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र राशि उपलब्ध करा दी जाएगी.
बातचीत के क्रम में उपायुक्त ने जब योजना से मिलने वाली राशि के उपयोग के बारे में पूछा, तो ललिता हांसदा ने मुस्कुराते हुए कहा, “सर, पर्सनल खर्चा निकल जाता है, कुछ बचा भी लेती हूं.” लाभुक की यह सहज प्रतिक्रिया योजना के सामाजिक प्रभाव को दर्शाती है, जिससे महिलाओं को दैनिक जरूरतों की पूर्ति के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और बचत की भावना को भी बल मिल रहा है.


