Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

रांची में घरेलू गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: पर्याप्त आपूर्ति, 25 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग

रांची: रांची जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने या पैनिक होकर सिलेंडर बुक करने की...

रांची: रांची जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने या पैनिक होकर सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है. यह जानकारी गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में दी.

बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने बताया कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में एक साथ बुकिंग रिक्वेस्ट आने के कारण गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर पर दबाव बढ़ गया है. फिलहाल सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन का काम चल रहा है और कुछ ही दिनों में बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.

25 दिन बाद ही हो सकेगी दूसरी बुकिंग

गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार एक सिलेंडर की बुकिंग के बाद 25 दिनों के बाद ही दूसरी बुकिंग की जा सकेगी. इससे सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी.

हालांकि आपात स्थिति में उपभोक्ता 2 लीटर और 5 लीटर के छोटे सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं. कंपनियों के अनुसार BPCL और HPCL के 5 लीटर सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिन्हें आधार कार्ड दिखाकर प्राप्त किया जा सकता है.

IVR, ऐप और वेबसाइट से करें बुकिंग

गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस बुकिंग के लिए आईवीआर, मिस्ड कॉल, मोबाइल ऐप या वेब-बेस्ड सिस्टम का उपयोग करें. इसके लिए गैस एजेंसी के कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं है. बुकिंग में हो रही देरी अस्थायी है और जल्द ही समस्या दूर हो जाएगी.

कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि घरेलू गैस की आपूर्ति सभी उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बनेगी जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी 

उपायुक्त ने अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रम, अनाथालय, कल्याण विभाग के छात्रावास, मध्याह्न भोजन योजना, जेल और अन्य संस्थानों में गैस आपूर्ति सुचारु रखने के लिए जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी बनाने का निर्देश दिया.

इस कमेटी में सदर और बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी, मार्केटिंग ऑफिसर, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस एजेंसियों के नोडल अधिकारी, अस्पतालों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे.

शिकायत के लिए हेल्पलाइन

गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन ने अबुआ साथी हेल्पलाइन (9430328080) पर संपर्क करने की अपील की है, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सके.

“टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची बनकर करें काम”

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों और कंपनियों को टीम इंडिया, टीम झारखंड और टीम रांची की भावना के साथ मिलकर काम करना होगा. उन्होंने रांचीवासियों से भी अपील की कि वे गैस एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक बुकिंग से बचें, ताकि सभी तक रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *