News Desk:रांची से देश के बड़े शहरों की हवाई यात्रा हाल के दिनों में काफी महंगी हो गई है. फ्लाइट टिकटों के दाम में लगभग 25 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जा रही है. इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में इजाफा और एयरलाइंस कंपनियों द्वारा लगाया गया अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज है.

एयरलाइंस कंपनियों ने टिकट पर अतिरिक्त शुल्क जोड़ना शुरू कर दिया है. 12 मार्च से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हर घरेलू टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है.इसका सीधा असर यात्रियों के खर्च पर पड़ रहा है और हवाई सफर पहले की तुलना में महंगा हो गया है.

वर्तमान में रांची से दिल्ली जाने के लिए टिकट की कीमत लगभग 12 से 15 हजार रुपये के बीच पहुंच गई है. वहीं मुंबई के लिए किराया करीब 14 से 16 हजार रुपये तक है. बेंगलुरु की फ्लाइट लगभग 15 हजार रुपये में मिल रही है, जबकि हैदराबाद के लिए 10 से 13 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है. कोलकाता के लिए भी किराया बढ़कर करीब 8 से 10 हजार रुपये तक हो गया है.
ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या बढ़ने और ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण किराये में यह उछाल आया है. विशेषज्ञों की सलाह है कि यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर टिकट बुक कर लेनी चाहिए. अंतिम समय में टिकट लेने पर किराया और अधिक देना पड़ सकता है.

