Palamu: जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिन्दुबिगहा गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पुलिया पर बैठने को लेकर भड़के एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर चार महीने के एक मासूम बच्चे की जान ले ली, जबकि उसके माता-पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीते दो जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे की है. गांव के अतुल पासवान और आनंद पासवान का पड़ोस के ही चितरंजन पासवान उर्फ शिवम के साथ घर के पास बनी पुलिया पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था. उस वक्त चितरंजन देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चला गया. कुछ ही देर बाद वह अपने घर से धारदार बलुआ और फारसा लेकर आया और अतुल व आनंद के चाचा दीपक पासवान के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में दीपक पासवान, उनकी पत्नी रूपा देवी और उनका चार महीने का बेटा प्रिंस कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार महीने के मासूम प्रिंस को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल दीपक और रूपा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच डाल्टनगंज रेफर किया गया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रिम्स रांची भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला और हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी चितरंजन कुमार उर्फ शिवम (29 वर्ष) और उसके पिता तुलसी पासवान (62 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी चितरंजन की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार बलुआ और फारसा भी बरामद कर लिया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
AlsoRead:NITI Aayog की रिपोर्ट ने खोली BJP के दावों की पोल: कांग्रेस


