Newswave Desk: भारत सरकार ने पायरेसी पर सख्ती दिखाते हुए टेलीग्राम को नोटिस जारी किया है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम से कहा है कि वह फिल्मों और OTT प्लेटफॉर्म के पायरेटेड कंटेंट की अवैध शेयरिंग रोकने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए. साथ ही, 15 दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी सरकार को सौंपने को कहा गया है. सरकार का कहना है कि यह कदम फिल्म इंडस्ट्री, OTT प्लेटफॉर्म, ब्रॉडकास्टर्स, प्रोड्यूसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है.
मंत्रालय ने साफ किया है कि सिर्फ पायरेटेड कंटेंट वाली अलग-अलग पोस्ट हटाना काफी नहीं होगा. टेलीग्राम को पूरे प्लेटफॉर्म पर ऐसी मजबूत व्यवस्था बनानी होगी, जिससे पायरेसी पर प्रभावी रोक लग सके. इसके अलावा, बार-बार पायरेटेड कंटेंट शेयर करने वाले चैनलों, ग्रुप्स, बॉट्स, अकाउंट्स और उनके एडमिन्स के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

Government issues notice to Telegram over widespread piracy. I&B Ministry directs Telegram to take immediate measures against pirated films & OTT content and submit Action Taken Report in 15 days. Govt action to protect India’s creator economy, film industry, broadcasters, OTT… pic.twitter.com/maGxdkSJBZ
— ANI (@ANI) July 4, 2026
जून में भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले जून महीने में भी टेलीग्राम पर कार्रवाई की गई थी. NEET (UG) 2026 री-एग्जाम से पहले प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर 16 से 22 जून तक प्लेटफॉर्म पर रोक लगाई गई थी. साथ ही, सरकार ने 30 जून तक टेलीग्राम के मैसेज एडिट करने वाले फीचर को भी बंद रखने का निर्देश दिया था.
Meta को भी मिल चुका है नोटिस
टेलीग्राम को भेजा गया यह नोटिस केंद्र सरकार की हालिया कार्रवाई का हिस्सा है. इससे पहले सरकार Meta को भी नोटिस भेज चुकी है और WhatsApp के यूजरनेम फीचर को लेकर जवाब मांगा था. वहीं, Instagram पर बाल यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों के मामले में भी कंपनी के अधिकारियों को तलब करने का फैसला लिया गया है.


