Ranchi: बेंगलुरु से हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचे एक यात्री के साथ ऑटो में लूट की वारदात सामने आई है. पीड़ित धनबाद जाने के लिए रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने हेतु ऑटो में बैठा था, लेकिन चालक और उसके साथ मौजूद दो लोगों ने उसे धुर्वा थाना क्षेत्र के यूकलिप्टस बगान के पास सुनसान जगह पर ले जाकर मोबाइल, बैग, नकदी और अन्य सामान लूट लिया. पीड़ित की शिकायत पर धुर्वा थाना में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों धीरज कुमार सिंह और मेजर यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो ऑटो, लूटा गया मोबाइल, बैग, प्रिंटर, कपड़े और ₹5,000 नकद बरामद कर लिया है. पूछताछ में आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की, जिसके आधार पर एक और मामला दर्ज कर उसका भी खुलासा किया गया.

AlsoRead:रांची: राज हॉस्पिटल की मनमानी पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, उच्चस्तरीय जांच के दिए आदेश


