Tamar: एनजीटी की रोक के बावजूद कांची नदी से चल रहे अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की. बुंडू एसडीपीओ ओम प्रकाश के नेतृत्व में की गई छापेमारी में अवैध बालू से लदे चार हाईवा जब्त किए गए, जबकि चालक मौके से फरार हो गए.पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र की कांची नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव कर उसे हाईवा के माध्यम से सरायकेला और जमशेदपुर की मंडियों में भेजा जा रहा है, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था.
गुप्त सूचना पर टीम ने की इलाके में घेराबंदी
सूचना के आधार पर विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी की.कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और ग्रामीण रास्तों का फायदा उठाकर भाग निकले. जब्त सभी हाईवा तमाड़ थाना लाए गए हैं और मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है. पुलिस अब वाहनों के मालिकों और अवैध खनन नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है.

कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि एनजीटी की रोक के बावजूद अवैध बालू कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि नदी घाटों और वैकल्पिक मार्गों पर निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है. गौरतलब है कि कांची, राड़ू और स्वर्णरेखा नदियों से अवैध बालू उठाव की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं. पुलिस की इस कार्रवाई को इस सीजन की अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
READ ALSO :रांची: डूरंड कप-2026 की तैयारियों का DC ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर


