Giridih: झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित 28 नंबर भंडारीडीह पहुंचकर दिवंगत राजकुमार पासवान के परिजनों से मुलाकात की. मंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. मंत्री के साथ गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार भी मौजूद थे. मंत्री ने मृतक की पत्नी, दोनों बेटियों और एकमात्र पुत्र से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि पुलिस फरार फिजियोथैरेपिस्ट चिकित्सक को जल्द गिरफ्तार करेगी. उन्होंने मौके पर मौजूद नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि क्लिनिक बंद कर फरार हुए फिजियोथैरेपिस्ट चिकित्सक को अविलंब गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
गलत इंजेक्शन देने का आरोप, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की
मंत्री ने कहा कि राजकुमार पासवान परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके असामयिक निधन से परिवार गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है. सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जानकारी के अनुसार, राजकुमार पासवान 29 जून को कंधे में दर्द की शिकायत लेकर बक्सीडीह रोड स्थित झिंझरी मोहल्ला में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. नवीन कुमार सिन्हा के क्लिनिक में इलाज कराने गए थे. परिजनों का आरोप है कि वहां उन्हें गलत इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन सुबह उनकी मौत हो गई. घटना के बाद से संबंधित फिजियोथैरेपिस्ट क्लिनिक बंद कर फरार बताया जा रहा है.

ALSO READ: रांची में सड़कों पर शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान, 8 पब और बार में भी देर रात छापेमारी
मंत्री के दौरे के दौरान झामुमो के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, संतोष पासवान, सुरेश पासवान, प्रदीप पासवान, रामजीत यादव, प्रदीप यादव, अरुण पासवान, अनवर अंसारी, सिराज अंसारी, गौतम पासवान, तरुण पासवान, मनोज तुरी, जगत पासवान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. मोहल्लावासियों ने मंत्री को बताया कि राजकुमार पासवान सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहते थे और हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहते थे. उनके निधन से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की. मंत्री के आश्वासन के बाद परिजनों ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में न्याय दिलाएगी.


