चाईबासा: नोवामुंडी में किसान गोष्ठी आयोजित, शत-प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण

Chaibasa: नोवामुंडी प्रखंड सभागार में आत्मा (ATMA) के तत्वावधान में किसान गोष्ठी सह बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की...

नोवामुंडी में किसान गोष्ठी आयोजित

Chaibasa:  नोवामुंडी प्रखंड सभागार में आत्मा (ATMA) के तत्वावधान में किसान गोष्ठी सह बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी एवं प्रखंड उप प्रमुख ज्योति दास ने की. इसमें बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, किसान मित्र, प्रगतिशील किसान तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.

मिलेट मिशन की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में किसानों को मिलेट मिशन योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि मड़वा (रागी) की खेती करने वाले किसानों को झारखंड सरकार की ओर से 3,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. इसके लिए किसानों से अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया.

दलहनी फसलों की खेती पर दिया गया जोर

बैठक में संभावित एल नीनो के प्रभाव को देखते हुए किसानों को कम अवधि वाली धान की खेती अपनाने तथा धान के विकल्प के रूप में दलहनी फसलों की खेती करने की सलाह दी गई. इस दौरान किसानों के बीच अरहर, उड़द एवं मूंग के बीज शत-प्रतिशत अनुदान पर वितरित किए गए. साथ ही कृषि विभाग एवं आत्मा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

जैविक खेती अपनाने की अपील

कार्यक्रम के दौरान बीजों का वितरण ब्लॉकचेन आधारित प्रणाली के माध्यम से किया गया, जिससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रही. समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की. कृषि विशेषज्ञ एवं बीटीएम राज मोहम्मद ने किसानों को जैविक खेती अपनाने, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती से उत्पादन लागत कम होने के साथ किसानों की आय भी बढ़ सकती है.

हर पंचायत में आयोजित होगी किसान गोष्ठी

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया. आत्मा के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में नोवामुंडी प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में किसान गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को मिलेट मिशन, जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.

ALSO READ : चाईबासा: लिंक रेक में विलंब से तीन ट्रेनों के समय में बदलाव

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *