Giridih : जमुआ थाना क्षेत्र के जेरूवाडीह पंचायत अंतर्गत मुंडाटांड़ गांव में एक महिला पर कथित जानलेवा हमला, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है. पीड़िता बसंती देवी पति – पुनीत महतो ने गांव के ही चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमुआ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि घटना के करीब दस दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है. इससे पीड़िता और उसके परिवार में नाराजगी है. पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 26 जून 2026 की सुबह करीब छह बजे वह अपने खेत की ओर गई थीं. इसी दौरान गांव के ही विश्वनाथ महतो, नकुल वर्मा, तारा देवी और मुनिया देवी पूर्व नियोजित साजिश के तहत लोहे की टांगी, लोहे की रॉड, फरसा और लाठी-डंडे से लैस होकर वहां पहुंचे. आरोप है कि सभी ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी.
बेहोशी की हालत में भी कई बार किया गया वार
बसंती देवी ने बताया कि विश्वनाथ महतो ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद नकुल वर्मा ने लोहे की टांगी से उनके सिर पर वार कर दिया. वार इतना जोरदार था कि उनका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा. इसके बाद तारा देवी ने पत्थर से हमला किया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं. आरोप है कि बेहोशी की हालत में भी मुनिया देवी ने लोहे की रॉड से उनकी पीठ और जांघ पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान तारा देवी ने उनके गले से लगभग छह भरी चांदी की सिकड़ी छीन ली. इसके अलावा उनकी साड़ी के आंचल में रखे 600 रुपये नकद तथा अन्य सामान भी लूट लिया गया. बसंती देवी का कहना है कि आरोपित पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुके हैं. घटना के बाद उन्होंने तत्काल जमुआ थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन लगभग दस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई. पुलिस कार्रवाई से निराश पीड़िता ने अब गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर मामले में निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है. इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है. अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कब तक कानूनी कार्रवाई की जाती है.

Also Read : गिरिडीह : 12 घंटे में नवविवाहिता हत्याकांड का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार


