बोकारो: अवैध कोयले से लदा ट्रेलर ग्रामीणों ने पकड़ा, वाहन खराब होने पर खुलासा

Bokaro: बेरमो अनुमंडल के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र स्थित चिरवा नदी के समीप ग्रामीणों ने अवैध कोयला लदे एक ट्रेलर को पकड़ लिया....

Bokaro: बेरमो अनुमंडल के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र स्थित चिरवा नदी के समीप ग्रामीणों ने अवैध कोयला लदे एक ट्रेलर को पकड़ लिया. कोयले की कालाबाजारी के खिलाफ लामबंद ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

वाहन खराब होने के बाद खुला अवैध कोयले का मामला

मिली जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से कोयला लादकर ले जाया जा रहा ट्रेलर चिरवा नदी के पास तकनीकी खराबी के कारण अचानक बंद हो गया. वाहन रुकने और उसके पिछले हिस्से में लगा तिरपाल हटने के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों को ट्रेलर में कोयला लदे होने की जानकारी हुई.

कागजात मांगने पर चालक मौके से फरार

ग्रामीणों ने जब चालक से कोयले और वाहन से संबंधित कागजात की मांग की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसी दौरान चालक मौका देखकर वहां से फरार हो गया.

ग्रामीणों ने ट्रेलर को घेरा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और ग्रामीणों ने ट्रेलर को पूरी तरह घेर लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयले का परिवहन बेरोकटोक जारी है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है.

पुलिस और खनन विभाग से कार्रवाई की मांग

खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों ने ट्रेलर को रोककर रखा था और चतरोचट्टी थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई थी. स्थानीय लोग मौके पर वरीय पुलिस अधिकारियों और खनन विभाग की टीम को बुलाने के साथ ही अवैध खनन और कोयला तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *