Giridih: समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभाग के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए DDC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण वाटिका, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र में अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें: प्रेमसंस के मालिक पुनीत पोद्दार एवं अन्य को फिलहाल राहत नहीं, लटक रही गिरफ्तारी की तलवार

बाल विवाह और कुपोषण की रोकथाम पर जोर
समीक्षा के दौरान किशोरियों एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं पर भी जोर दिया गया. डीडीसी ने निर्देश दिया कि स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा जाए. साथ ही बाल विवाह और कुपोषण की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए. बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा चाइल्ड हेल्पलाइन सहित सभी सुरक्षा तंत्रों को सक्रिय रखा जाए. बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: ‘गोली मार देंगे’… Facebook Messenger पर धमकी मिलने का आरोप, थाना पहुंचा मामला


