Palamu: त्योहारी और शादी-विवाह के सीजन के बीच बाजार में बेहद कम कीमत पर बिक रही रेडीमेड मिठाइयों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. नौडीहा पंचायत के मुखिया मंदीप मेहता को ग्रामीणों से मिलावटी मिठाइयों की आपूर्ति की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की.
60 रुपये किलो लड्डू ने बढ़ाई शंका
जांच के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में मिठाई लेकर दुकानों में सप्लाई करता मिला. पूछताछ में उसकी पहचान संदीप के रूप में हुई, उसने बताया कि सतबरवा स्थित उसकी फैक्ट्री से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मिठाइयों की सप्लाई की जाती है. युवक ने बताया कि वह लड्डू मात्र 60 रुपये प्रति किलो की दर से दुकानदारों को उपलब्ध कराता है. इतनी कम कीमत सुनकर मौजूद लोगों ने मिठाइयों की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई सामग्री पर गंभीर संदेह जताया.

मुखिया ने फूड इंस्पेक्टर को दी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया मंदीप मेहता ने तत्काल खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (फूड इंस्पेक्टर) लव कुमार गुप्ता को सूचना दी. उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए मिठाई के कुछ नमूने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रख लिए.
बिना लाइसेंस संचालित मिली फैक्ट्री
सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सतबरवा और पोलपोल क्षेत्र में छापेमारी की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मिठाई निर्माण की फैक्ट्री बिना किसी वैध लाइसेंस और निर्धारित मानकों के संचालित की जा रही थी. विभाग ने मौके से मिठाई के नमूने जब्त कर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं.
ALSO READ: हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार, गिरिडीह से हजारीबाग की ओर आ रहे थे अपराधी, देसी पिस्टल, कारतूस, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद
त्योहारी सीजन में सघन जांच की मांग
मुखिया मंदीप मेहता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में बाजारों में बिक रही मिठाइयों की नियमित और सघन जांच कराई जाए, ताकि मिलावटखोरों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोका जा सके


