Hazaribagh: गिद्दी थाना पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो, एक देसी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने और गिरोह के लिए लूट, रंगदारी एवं फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है.
गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो (संख्या- JH-10AR-8705) में सवार कुछ अपराधी हथियार के साथ गिद्दी से मांडू की ओर जा रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और संभावित मार्गों पर वाहन जांच शुरू कर दी गई.

यह भी पढ़ें: झारखंड में मॉनसून एक्टिव, पूरे राज्य में झमाझम बारिश के आसार
कनकी मोड़ पर घेराबंदी, पीछा कर दबोचा
वाहन जांच के दौरान कनकी मोड़ के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखाई दी. पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा. इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुशाल (19 वर्ष), निवासी पड़रिया, औरंगाबाद (बिहार) तथा भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल (34 वर्ष), मूल निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी सयाल, रामगढ़ के रूप में हुई है.
पूछताछ में उगले कई राज
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. गिरोह के निर्देश पर वे लूट, रंगदारी व फायरिंग जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस का मानना है कि पूछताछ से गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं.
हथियार और वाहन जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की जा रही सफेद स्कॉर्पियो जब्त कर ली. जब्त सामान को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है.
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं. पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे हाल के दिनों में किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं.
गिरोह के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार आपूर्ति करने वालों तथा उनके नेटवर्क की पहचान कर आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी.
क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद गिद्दी, मांडू और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. संवेदनशील स्थानों पर वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.


